आरएनबी ग्लोबल यूनिवर्सिटी को NAAC से ‘ए ग्रेड’: पश्चिमी राजस्थान में बना उच्च शिक्षा का अग्रदूत

Jun 23, 2025 - 12:18
 0  2
आरएनबी ग्लोबल यूनिवर्सिटी को NAAC से ‘ए ग्रेड’: पश्चिमी राजस्थान में बना उच्च शिक्षा का अग्रदूत

आरएनबी ग्लोबल यूनिवर्सिटी को NAAC से ‘ए ग्रेड’: पश्चिमी राजस्थान में बना उच्च शिक्षा का अग्रदूत


बीकानेर न्यूज़। आरएनबी ग्लोबल यूनिवर्सिटी, बीकानेर ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम करते हुए राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) से ‘ए ग्रेड’ प्राप्त किया है। विश्वविद्यालय को कुल 4.00 में से 3.19 का प्रभावशाली क्यूमुलेटिव ग्रेड प्वाइंट एवरेज (CGPA) प्राप्त हुआ है, जो यह प्रमाणित करता है कि यह संस्थान देश के चुनिंदा उत्कृष्ट विश्वविद्यालयों में शामिल हो गया है। यह ग्रेड न केवल विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और समग्र प्रदर्शन को दर्शाता है, बल्कि यह भी सिद्ध करता है कि आरएनबी ग्लोबल यूनिवर्सिटी उच्च शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर श्रेष्ठता की ओर अग्रसर है।
उल्लेखनीय है कि आरएनबी ग्लोबल यूनिवर्सिटी को पूर्व में, वर्ष 2023 में NAAC के प्रथम मूल्यांकन चक्र में ‘बी डबल प्लस’ ग्रेड (B++) प्रदान किया गया था, जिसमें विश्वविद्यालय ने 2.87 CGPA अर्जित किया था। केवल दो वर्षों में विश्वविद्यालय ने जबरदस्त प्रगति करते हुए न केवल अपने प्रदर्शन में सुधार किया, बल्कि ‘ए ग्रेड’ जैसी प्रतिष्ठित श्रेणी तक पहुंचने में सफलता प्राप्त की, जो इस संस्थान की गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता का जीवंत प्रमाण है।
दिनांक 12, 13 और 14 जून 2025 को नैक की निरीक्षण टीम ने विश्वविद्यालय का गहन मूल्यांकन किया। इस मूल्यांकन में दो सदस्य विश्वविद्यालय परिसर में स्वयं उपस्थित थे, जबकि पांच अन्य विशेषज्ञों ने ऑनलाइन माध्यम से विश्वविद्यालय के सभी विभागों और गतिविधियों की समीक्षा की। यह निरीक्षण नैक द्वारा निर्धारित सात प्रमुख मानदंडों पर आधारित था, जिनमें पाठ्यक्रम की गुणवत्ता, शिक्षण एवं मूल्यांकन प्रणाली, अनुसंधान एवं नवाचार, छात्र सहयोग एवं प्रगति, आधारभूत संरचना, प्रशासनिक व्यवस्था तथा संस्थागत मूल्य एवं सर्वोत्तम प्रथाएं शामिल थीं। आरएनबी ग्लोबल यूनिवर्सिटी ने प्रत्येक मापदंड पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिबद्धता और कार्य संस्कृति का परिचय दिया।
विश्वविद्यालय विभिन्न क्षेत्रों में संचालित गतिविधियों के माध्यम से न केवल शिक्षा बल्कि समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, और उद्यमिता को भी बढ़ावा देता रहा है। लीगल एड क्लिनिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक मंच, हेल्थ अवेयरनेस ड्राइव, रक्तदान शिविर, और ग्रामीण क्षेत्रों जैसे खारा, हुसंगसर , जामसर और दांदुसर  में कानूनी जागरूकता कार्यक्रम ,वृक्षारोपण जैसे अनेकों सामाजिक एवं सह-पाठयक्रमीय आयोजन विश्वविद्यालय की पहचान बन चुके हैं। हाल ही में विश्वविद्यालय द्वारा अंगीकार किए गए ग्राम ‘खारा’ में अनेक विकासात्मक गतिविधियाँ चलाई जा रही हैं, जिससे समुदाय में प्रत्यक्ष सकारात्मक प्रभाव पड़ा है।
आरएनबी ग्लोबल यूनिवर्सिटी में वर्तमान में विधि, मानविकी, वाणिज्य, प्रबंधन, विज्ञान, कृषि, कंप्यूटर विज्ञान, पत्रकारिता, शिक्षा, और फार्मेसी जैसे विविध क्षेत्रों में स्नातक, स्नातकोत्तर एवं शोध कार्यक्रम संचालित हो रहे हैं। बी.ए., बी.कॉम., बी.एससी., बी.बी.ए., बी.सी.ए., एल.एल.बी., बी.ए.-एल.एल.बी., बी.बी.ए.-एल.एल.बी., एम.एससी., एम.बी.ए., एल एल एम् . जैसे कोर्सेज के अतिरिक्त पीएच.डी. कार्यक्रम भी विभिन्न विषयों में सुचारु रूप से चल रहे हैं। सभी पाठ्यक्रम नवीनतम उद्योग-आधारित मांगों और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की संकल्पनाओं के अनुरूप अद्यतन किए गए हैं।
विश्वविद्यालय का प्लेसमेंट सेल भी अत्यंत सक्रिय है, जो देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों और संगठनों से निरंतर संवाद स्थापित कर विद्यार्थियों को इंटर्नशिप और रोजगार के अवसर प्रदान करता है। हाल के वर्षों में टॉप कंपनियों में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों का सफलतापूर्वक प्लेसमेंट हुआ है। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय का स्टार्टअप इनक्यूबेशन सेंटर युवाओं को आत्मनिर्भर बनने हेतु नवाचार और उद्यमशीलता की दिशा में भी प्रेरित करता है।
इस ग्रेडिंग के बाद विश्वविद्यालय को पश्चिमी राजस्थान का ऐसा पहला और एकमात्र निजी विश्वविद्यालय बनने का गौरव प्राप्त हुआ है जिसे नैक से ‘ए ग्रेड’ प्राप्त हुआ है। इस मान्यता के साथ विश्वविद्यालय की शैक्षणिक साख में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है और इससे यहां अध्ययनरत विद्यार्थियों के डिग्री की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वीकार्यता और महत्त्व में भी इजाफा हुआ है। विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और प्रबंध मंडल में इस सफलता को लेकर जबरदस्त उत्साह और गर्व का माहौल है। सभी ने इसे टीमवर्क, योजनाबद्ध कार्यप्रणाली और गुणवत्ता के प्रति समर्पण का फल बताया।
इस उपलब्धि से न केवल विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा बढ़ी है, बल्कि यहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के मार्ग भी प्रशस्त हुए हैं। नैक द्वारा दी गई यह ग्रेडिंग विश्वविद्यालय के लिए एक मील का पत्थर सिद्ध होगी, जिससे न केवल अकादमिक गुणवत्ता में सुधार होगा बल्कि शोध, नवाचार, सहयोग एवं फंडिंग के अवसर भी बढ़ेंगे। यह सम्मान यह भी प्रमाणित करता है कि आरएनबी ग्लोबल यूनिवर्सिटी न केवल बीकानेर या राजस्थान, बल्कि पूरे देश में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक सशक्त और प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा है

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0