Bharat Bandh: आज ‘भारत बंद’, शामिल हो सकते हैं 25 करोड़ कर्मचारी, ट्रांसपोट, बिजली और बैंक पर पड़ेगा असर
ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एआइटीयूसी) की अमरजीत कौर ने बताया कि किसान और मजदूर भी हड़ताल में शामिल होंगे

Bharat Bandh: आज ‘भारत बंद’, शामिल हो सकते हैं 25 करोड़ कर्मचारी, ट्रांसपोट, बिजली और बैंक पर पड़ेगा असर
Bharat Bandh: दस बड़ी ट्रेड यूनियनों ने बुधवार को ‘भारत बंद’ का ऐलान किया है। देशव्यापी हड़ताल में बैंक, बीमा, पोस्ट ऑफिस, कोयला खनन, राज्य परिवहन और निर्माण उद्योग जैसे कई क्षेत्रों के 25 करोड़ से ज्यादा कर्मचारी शामिल हो सकते हैं। ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एआइटीयूसी) की अमरजीत कौर ने बताया कि किसान और मजदूर भी हड़ताल में शामिल होंगे। ट्रेड यूनियनों का आरोप है कि सरकार लगातार ऐसे फैसले कर रही है जो मजदूरों के हितों के खिलाफ हैं।
चार श्रम संहिताओं (लेबर कोड) समेत अपनी अन्य प्रमुख मांगों को लेकर श्रमिक संगठन बुधवार को देशव्यापी हड़ताल पर रहेंगे। दावा किया जा रहा है कि इसमें करीब 25 करोड़ कर्मचारी शामिल होंगे, जिससे बैंक, डाक, बीमा, परिवहन, उद्योग, कोयला खनन से लेकर निर्माण जैसे प्रमुख क्षेत्रों में कामकाज प्रभावित हो सकता है। उधर, सरकार की तरफ से कहा गया है कि बातचीत के लिए हमारे दरवाजे हमेशा खुले हुए हैं। जिन मुद्दों व कानूनों को लेकर कर्मचारी संगठनों द्वारा विरोध किया जा रहा है, उन्हें राज्य सरकारों द्वारा पहले से लागू किया जा चुका है।
17 सूत्री मांगों को लेकर कर्मचारी यूनियनों ने हड़ताल का आह्वान किया है। ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस, एनएमडीसी लिमिटेड, खनिज और इस्पात कंपनियों के कर्मचारी यूनियनों, बैंक व बीमा कंपनियों से जुड़ी यूनियन, राज्य सरकारों के विभागों व सार्वजनिक उपक्रमों के कर्मचारी संगठन हड़ताल में शामिल हो रहे हैं। संयुक्त किसान मोर्चा और कृषि श्रमिक संगठनों ने भी हड़ताल का समर्थन दिया है।
10 केंद्रीय श्रमिक संगठनों और उनके सहयोगी संगठन मुख्य तौर पर हड़ताल में शामिल होंगे, जिसका मकसद केंद्र सरकार की मजदूर और किसान से जुड़ी नीतियों का विरोध करना है। संगठनों का कहना है कि उनके द्वारा लंबे समय के बाद कई मुद्दों को उठाया जा रहा है लेकिन कोई समाधान नहीं किया जा रहा है। न ही कहीं कोई सुनवाई हो रही है।
भारत बंद में शामिल होंगे किसान
Bharat Bandh today LIVE: ट्रेड यूनियन और सार्वजनिक क्षेत्र के कर्मचारियों के साथ-साथ अनौपचारिक क्षेत्र के कर्मचारी, स्व-रोजगार समूह जैसे स्व-रोजगार महिला संघ (SEWA) और ग्रामीण समुदाय भी आज के भारत बंद में भाग लेंगे। इस विरोध प्रदर्शन को संयुक्त किसान मोर्चा जैसे किसान मंचों का भी समर्थन प्राप्त होगा, जो अब निरस्त किए गए कृषि कानूनों के खिलाफ ऐतिहासिक आंदोलन में सबसे आगे थे।
हड़ताल के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की संभावना
Bharat Bandh today LIVE: देशव्यापी हड़ताल में बिजली क्षेत्र के बड़ी संख्या में कर्मचारियों के भाग लेने के कारण 9 जुलाई को भारत की बिजली आपूर्ति में व्यवधान आ सकता है। भारत बंद में इस क्षेत्र के 27 लाख से अधिक कर्मचारियों के शामिल होने की उम्मीद है, जिसके परिणामस्वरूप देश के विभिन्न हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हो सकती है। यूनियन की ताकत और बिजली बोर्डों द्वारा की गई स्थानीय व्यवस्था के आधार पर, क्षेत्र के अनुसार प्रभाव की सीमा अलग-अलग हो सकती है।
What's Your Reaction?






